कप्तानगंज। गंभीरपुर के युवक की बुधवार को चेन्नई में बिल्डिंग की शटरिंग के दौरान सिर पर पटरी गिरने से मौत हो गई। बृहस्पतिवार को उसका शव पैतृक गांव लाया गया। शव देखते ही घर वालों में कोहराम मच गया। यहां के 32 वर्षीय दिलीप चौहान रोजी-रोटी के सिलसिले में तीन जुलाई को चेन्नई गए थे। बुधवार की सुबह करीब नौ बजे बिल्डिंग की शटरिंग के दौरान उनके सिर पर पटरी गिर गई। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डाॅक्टर ने मृत घोषित कर दिया। दिलीप चौहान मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। पति का शव देखते ही पत्नी रीता देवी और तीन बच्चे सोनम,अर्पित व सीपीएन शव से लिपटकर रोने लगे। संवाद