ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन करतीं महिलाएं।
मंसाछापर। लो वोल्टेज से नाराज विशुनपुरा ब्लॉक के माघी कोठीलवा बैरागी टोला की महिलाओं ने बुधवार की शाम प्रदर्शन किया। महिलाओं ने बिजली निगम के जिम्मेदारों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि शिकायत के बाद भी ट्रांसफार्मर की क्षमता नहीं बढ़ाई जा रही है। तीन महीना पहले 16 केवीए के ट्रांसफार्मर में आग लग गई थी। इसके बाद से लो वोल्टेज की समस्या बनी रहती है।
माघी कोठीलवा गांव के बैरागी पट्टी में 16 केवीए के ट्रांसफार्मर से 70 घरों में बिजली आपूर्ति होती है। गांव के लोगो का कहना है की तीन माह महीने पहले ट्रांसफार्मर में आग लग गई। जले ट्रांसफार्मर को बदलने के बजाय बिजली निगम के जिम्मेदारों ने जुगाड़ लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी। उसके बाद से ही लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। लो वोल्टेज के कारण पंखे केवल रेंगते है, तो कोई बिजली का उपकरण काम नही करता है। सदर विधायक और बिजली निगम के जिम्मेदारों से शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई तो महिलाओं का धैर्य जवाब दे दिया और प्रदर्शन कर तत्काल ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की मांग की। महिलाओं ने चेतावनी दी है की अगर तत्काल इस कर सुनवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान रेनू, इंद्रावती देवी, सुशीला देवी, प्रभावती देवी, कुंती देवी, प्रेमशीला, उर्मिला देवी, इंदु, सीतापति देवी, सरोज देवी, ज्ञानती देवी, गुड्डी देवी, प्रेमज्योति सहित तमाम महिलाएं मौजूद रहीं।