कसया। रामकोला थाना क्षेत्र के टेकुआटार गांव के बड़वाछापर टोला में महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। ससुराल के लोग घर छोड़कर भाग गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि टेकुआटार गांव के बड़वाछापर टोला में बुधवार की सुबह भगवंत राजभर की पत्नी पूनम (25) का शव घर के अंदर तख्त पर पड़ा मिला। परिजन घर छोड़कर हट गए थे। किसी ने इस घटना की सूचना रामकोला थाने की पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका की ससुराल के लोगों से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं हो पाई।
ग्राम प्रधान एवं जिला पंचायत के पूर्व सदस्य की मौजूदगी में पुलिसकर्मियों ने घर के अंदर जाकर छानबीन की। उसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों ने बताया कि करीब दो वर्ष पहले भगवंत राजभर ने पूनम से प्रेम विवाह किया था। रामकोला के थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि महिला का शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।