हाटा। हाटा कोतवाली क्षेत्र के करमही गांव में महिला का शव उसके घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। मंगलवार की रात घटना की जानकारी होने पर परिवार के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हाटा कोतवाली के गांव करमही निवासी रामप्रताप सिंह गोरखपुर में नौकरी करते हैं। उनकी 34 वर्षीय पत्नी संध्या देवी घर में अकेली थीं। देर शाम को रामप्रताप सिंह घर आए, तो देखा कि कमरे में संध्या देवी फंदे से लट रही है। उन्होंने शोर मचाया तो मौके आसपास के लोग जुट गए। हाटा कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को फंदे से उतरवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक राज प्रकाश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
सचिव के साथ मारपीट, कार का शीशा तोड़ा
मंसाछापर। विशुनपुरा ब्लॉक से ड्यूटी कर लौटते समय ई-रिक्शा में वाहन सटने को लेकर कुछ लोगों ने ग्राम विकास अधिकारी की घेरकर पिटाई कर दी। उनकी कार का शीशा तोड़ डाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। देर शाम सचिव ने कोतवाली में तहरीर देकर केस दर्ज करने की मांग की।
ग्राम विकास अधिकारी शंभू यादव ब्लॉक में बैठक में भाग लेने के बाद अपने घर पडरौना जा रहे थे। कुरमौल के पास सचिव की कार ई-रिक्शा में सट गई। हालांकि कोई नुकसान नहीं हुआ। इसी बात को लेकर कुछ लोगों ने बाइक से पीछा कर रामधाम पोखरे के पास सचिव को रोक लिया और उनकी पिटाई कर दी। उनकी कार का शीशे तोड़ दिया। सचिव की सूचना पर पुलिस पहुंची और एक आरोपी को हिरासत में ले लिया। सचिव शम्भू यादव देर शाम को कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर केस दर्ज करने की मांग की है।