पकड़ियार बाजार। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के ग्राम खानू छपरा (कोइरान टोला) पशु वाड़े में मवेशियों को बचाने के प्रयास में गंभीर रूप से झुलसी चंपा देवी की मंगलवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। जानकारी होने पर परिवार में चीख-पुकार मच गई। जबकि गंभीर रूप से झुलसे पति लोरिक यादव का इलाज चल रहा है। रविवार की रात लोरिक यादव के पशुबाड़े में किसी वजह आग लग गई। आग की लपटें देखकर लोरिक यादव और उनकी पत्नी चंपा देवी मवेशियों को बचाने के लिए पशु बाड़े में पहुंच गए। इसी दौरान दोनों आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे में एक गाय की झुलस कर मौत हो गई थी। घटना के बाद दोनों को गंभीर हालत में गोरखपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां दो दिनों तक चले उपचार के बाद मंगलवार को चंपा देवी ने दम तोड़ दिया। संवाद