पुलिस की जांच में गृह कलह की बात आई सामने, फॉरेंसिक टीम ने की जांच
एसपी भी घटनास्थल पर पहुंचे, दयाशंकर की तीसरी पत्नी थी लक्ष्मी
संवाद न्यूज एजेंसी
तमकुहीराज/गंगुआ बाजार (कुशीनगर)। तमकुहीराज कस्बे में बुधवार रात घर में सो रही 32 वर्षीय महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गई। सूचना पर फॉरेंसिंक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भोजन करने के करीब आधे घंटे बाद सोते समय महिला की गला दबाने की बात सामने आई है। एसपी का कहना है कि प्रथम दृष्टया गृह कलह एवं किसी के साथ महिला का संबंध होने की बात सामने आई है। इस मामले में तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, तमकुहीराज कस्बे की मस्जिद गली में शंभू बेलदार का परिवार रहता है। शंभू की तीन पुत्रियां और एक पुत्र है। बेटियों की शादी हो चुकी है। शंभू की कुछ वर्ष पहले मौत हो चुकी है। शंभू की विधवा दुखनी देवी अपनी बेटी के साथ बिहार के बेतिया में रहती हैं। पैतृक निवास में इकलौते बेटे दयाशंकर का परिवार रहता है। दयाशंकर अभी मुंबई में रहकर काम करता है। परिवार में केवल उसकी तीसरी पत्नी लक्ष्मी देवी (32) और उसके तीन बच्चे रहते थे। दयाशंकर की पहली पत्नी का मूकबधीर पुत्र रोहन (15) कस्बे में ही अपनी बुआ के लड़के राकेश के साथ रहता है। पहली पत्नी की कुछ वर्ष पहले संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई थी। उसके बाद गोरखपुर से एक महिला को शादी करके लाया, लेकिन वह एक महीने में ही छोड़कर चली गई। तीसरी पत्नी लक्ष्मी को नेपाल से ब्याह कर लाया था, जिससे तीन बच्चे हैं।
मृतका की नौ वर्षीय बेटी दिव्या ने बताया कि बुधवार की रात मां ने खाना बनाकर सभी को खिलाया। उसके बाद सभी लोग सो गए। बृहस्पतिवार को सुबह नींद खुली तो मां को फर्श पर पड़ा देखा। स्थानीय लोगों की सूचना पर तमकुहीराज के सीओ जितेंद्र सिंह कालरा मौके पर पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी ली। उन्होंने फॉरेंसिक टीम बुलाई। टीम ने पहुंचकर नमूने एकत्र किए। महिला के गले पर रस्सी का निशान था और मुंह हल्का खुला हुआ था और जीभ बाहर आ गई थी।
एसपी धवल जायसवाल ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया, जहां रात में शव का पोस्टमार्टम हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से उसकी मौत हुई है, वह भी खाना खाने के आधा घंटा बाद। क्योंकि भोजन पचा नहीं था। सूत्र बताते हैं कि घटनास्थल पर महिला का मंगलसूत्र टूटकर गिरा था तथा मोती बिखरे थे।