पटहेरवा। बगही गांव के पास हाईवे के किनारे बच्चे को जन्म देने वाली महिला को बुधवार को न्यायालय के आदेश पर वाराणसी मानसिक अस्पताल को सुपुर्द किया गया।
11 फरवरी की शाम हाईवे अथॉरिटी की सूचना पर पटहेरवा पुलिस ने जच्चा-बच्चा को सरकारी अस्पताल तमकुही पहुंचाया। डॉक्टर ने नवजात को मृत घोषित कर महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। वहां भी उसकी हालत में सुधार नहीं होने पर डॉक्टर ने मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर कर दिया। वहां पुलिस की निगरानी में उसका इलाज चल रहा था। बताया जाता है महिला की हरकतों से पुलिस व अस्पताल कर्मी भी काफी परेशान थे। पुलिस विभिन्न संस्थाओं से उसे सुपुर्द करने के लिए प्रयासरत थी। उस महिला को बुधवार को वाराणसी के मानसिक अस्पताल के सुपुर्द कर दिया गया। थानाध्यक्ष राकेश रौशन सिंह ने बताया कि महिला को न्यायालय के आदेश के बाद वाराणसी के मानसिक अस्पताल के सुपुर्द कर दिया गया है। इसकी जानकारी न्यायालय के अलावा उच्चाधिकारियों को दी जा रही है।