तमकुहीराज। थाना क्षेत्र के हाईवे स्थित माधोपुर बुजुर्ग-कौवापट्टी गांव के बीच स्थित पेट्रोल पंप के पास शनिवार सुबह करीब छह बजे महिला का शव सड़क पर मिला। वाहनों से कुचलने से शव के टुकड़े-टुकड़े हो गए थे। ऐसा लग रहा था कि रात भर वाहन उस शव को रौंदते रहे। स्थानीय लोगों की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बताया जाता है कि तमकुहीराज थाना क्षेत्र में फोरलेन स्थित माधोपुर बुजुर्ग-कौवापट्टी के बीच स्थित पेट्रोल पंप के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से शुक्रवार की देर रात महिला की मौत हो गई। वह महिला मानसिक दिव्यांग बताई जा रही है। उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई। स्थानीय लोगों ने अंदेशा जताया है कि महिला किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने के बाद घायल हो सड़क पर गिर गई। उसके बाद वाहनों के रौंदने के कारण उसके शरीर के कई हिस्से अलग हो गए होंगे। तमकुहीराज थाने के इंस्पेक्टर अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।