बोदरवार। कप्तानगंज थानाक्षेत्र के गोरखपुर-नरकटिया रेल खंड पर सुधियानी रेलवे क्रासिंग के समीप शनिवार की शाम छह बजे ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाक्षेत्र के इन्दरपुर निवासी खदेरू सिंह ने करीब तेरह वर्ष पहले अपनी बिटिया शर्मिला की शादी अहिरौली बाजार थानाक्षेत्र के मधवलिया निवासी विजय सिंह से की थी। महिला की 12 वर्ष की एक लड़की व आठ वर्ष का एक लड़का है। मायका पक्ष के अनुसार महिला किसी बात से नाराज होकर ससुराल से मायके इन्दरपुर के लिए निकली थी। शाम छह बजे के करीब जैसे ही गोरखपुर-कप्तानगंज रेलखंड के पिलर संख्या 359/14 के करीब पहुंची तो कप्तानगंज से गोरखपुर की ओर जा रही ट्रेन की चपेट में आ गई। इससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर बोदरवार चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार मौके पर पहुंचे और आवश्यक लिखापढ़ी के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला के मायके पक्ष के माता-पिता मौके पर पहुंच गए हैं। महिला की मौत को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रहीं हैं। घटना को कोई दुर्घटना तो कोई आत्महत्या कह रहा है। इंस्पेक्टर कप्तानगंज राजकुमार बरवार ने बताया शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।