पडरौना। मतदाता जागरूकता के लिए स्वीप कार्यक्रम चलाया जा रहा है। जिले के सभी ब्लॉकों की कम मत प्रतिशत वाले बूथों पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन होगा। इन बूथों पर विद्यालयों के छात्रों के माध्यम से घर-घर जाकर वोट करने की अपील करने के अलावा संकल्प पत्र बांटा जाएगा। कॉलेजों में युवा वोटरों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जाएगा। पिछले आम चुनाव जिले के करीब 600 बूथों पर 50 प्रतिशत से कम मतदान हुआ था। विद्यालयों के प्रधानाध्यापक और बीएलओ की मदद से इन बूथों पर मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए मतदाताओं को जागरूक किया जाएगा।
स्वीप के नोडल डीआईआएस रविंद्र सिंह ने बताया कि कम पोलिंग वाले बूथों पर मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए मतदाताओं को जागरूक किया जाएगा। गांवों में घर-घर संकल्प पत्र वितरण के अलावा स्कूली बच्चों के जरिए मतदाता जागरूकता रैली निकाली जाएगी। वर्ष 2014 के लोकसभा में खड्डा विधानसभा में 62.93 प्रतिशत सर्वाधिक मतदान हुआ था। पडरौना विधानसभा में 59.73 और हाटा विधानसभा में 59.20 प्रतिशत मतदान हुआ था। कुशीनगर विधानसभा में 57.56, रामकोला विधानसभा में 57.93 प्रतिशत, तमकुहीराज विधानसभा में 56.52 और फाजिलनगर विधानसभा क्षेत्र में 56.24 प्रतिशत मतदान हुआ था। पडरौना, कुशीनगर, फाजिलनगर और हाटा विधानसभा क्षेत्र के अधिक बूथों पर 50 प्रतिशत से कम मतदान हुआ है। डीआईओएस रविंद्र सिंह ने बताया कि स्वीप के तहत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम चल रहा है। कॉलेजों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। बीएलओ और प्रधानाध्यापक के माध्यम से कम मतदान प्रतिशत वाले बूथ से जुड़े मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है। बीएसए इस कार्यक्रम के सहायक नोडल अधिकारी हैं।