नेबुआ नौरंगिया। स्थानीय थाना क्षेत्र ढाढ़ा चीनी मील के गन्ना तौल केंद्र चखनी भूमिहारी पट्टी पर एक सप्ताह से गन्ना तौल नहीं होने से नाराज किसानों ने मंगलवार सुबह को हंगामा करते हुए प्रर्दशन किया। साथ ही जिला प्रशासन व सांसद से इस समस्या का निस्तारण करने की मांग की। प्रर्दशन कर रहे मुन्ना राव, बबलू सिंह, रंजीत सिंह, नरसिंह, रामेश्वर, विजय, राधेश्याम, राम सुधारन, नवल किशोर, केदार दूबे, शिवधनी, अजय प्रताप सिंह, सिंहासन आदि किसानों का आरोप है कि ढाढ़ा चीनी मिल के तौल केंद्र पर पिछले एक सप्ताह से गन्ना तौल नहीं हो रहा है। इससे दर्जनों गाड़ियों का जाम लगा हुआ है। मिल के कर्मचारियों से शिकायत करने के बाद भी समस्या का निस्तारण नहीं हो पा रहा है। केंद्र पर लगे वाहनों पर लदे गन्ने सुख रहे हैं। प्रदर्शनकारी किसानों ने जिला प्रशासन और सांसद विजय दूबे व खड्डा विधायक विवेकानंद पांडेय से इस समस्या का निस्तारण करने की मांग की है।