मौसम की मार, सन्नाटे में बाजार
हवा चलने से छह डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा तापमान, गलन भरी सर्दी बढ़ने से ठिठुरे लोग
पडरौना। जिले में गलन भरी ठंड का असर बुधवार को भी नजर आया। सुबह करीब दस बजे तक घना कोहरा छाए रहने की वजह से लोग घरों में दुबके रहे। इससे सड़कों पर सन्नाटा रहा। ठंड का असर बाजार में भी दिखा। रोज की अपेक्षा बेहद की कम लोग खरीदारी करने पहुंचे। हांड़ कंपाने वाली गलन से लोग जहां-तहां अलाव जलाकर तापते देखे गए। सड़कों पर आवाजाही कम होने से सवारियों को वाहनों के लिए परेशान होना पड़ा। जिला आपदा प्रबंध प्राधिकरण के विशेषज्ञ रवि राय ने बताया कि बुधवार को न्यूनतम तापमान छह डिग्री और अधिकतम 20 डिग्री दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में पारा और अधिक लुढ़कने का अनुमान है।
बुधवार को नगर के धर्मशाला रोड, कोतवाली रोड, तिलक चौक, गुदरीबाजार, सेंट्रल बैंक रोड, दरबार रोड, सुभाष चौक, रामकोला रोड के आस-पास खुले बाजारों में रोज की अपेक्षा बेहद की कम लोग नजर आए। ठंड की वजह से इक्का-दुक्का लोग ही बाजार में दिखाई दिए। नगर में जहां पर सुबह और शाम ज्यादा भीड़ होती है। वहां पर भी बेहद कम संख्या में लोग देखे गए। बाजार में पहुंचे लोग आवश्यक सामान खरीदकर जल्द लौट गए।
ठंड का असर नगर की सड़कों पर भी नजर आया। कम सवारी होने से अधिकांश टैक्सी, ई रिक्शा सहित अन्य वाहन नहीं चले। सवारियों को सड़क पर इधर-उधर भटकते देखा गया। सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों में एका-दुक्का लोग ही मिले। ठंड की वजह से कार्य कर रहे कर्मचारी ठंड से बचाव के लिए हीटर के नजदीक मौजूद रहे।
नगर पालिका परिषद की तरफ से नगर के सभी प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलवाए गए हैं। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष विनय जायसवाल ने कहा कि शहर में आने वाले लोगों की सुविधा को देखते हुए सुभाष चौक, बावली चौक, बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, तिलक चौक, अंबे चौक, गुदरीबाजार, रविंद्रनगर, बेलवा चुंगी समेत अन्य सभी प्रमुख चौराहों पर अलाव की व्यवस्था की गई है।
0000000
यह तापमान का हाल
दिन अधिकतम न्यूनतम
बुधवार 20 06
मंगलवार 20 06
सोमवार 21 08
रविवार 22 11