अमर उजाला ब्यूरो
तमकुहीरोड। गंडक नदी में आई बाढ़ के चलते बांसी नदी उफना गई है। इस कारण पिपराघाट मुस्तकील ग्राम सभा में गोला घाट पर बने पीपा पुल को लोक निर्माण विभाग ने सोमवार से खोलना शुरू कर दिया। आठ साल पहले बने इस पुल से राजपुर खास, बेनिया पिपरा, गोलाघाट, जोगनी, इमिलिया टोला, बुटन टोला, रणजीत टोला, नरवाजोत आदि के लोगों को नदी पार कर आने जाने की सहूलियत मिली। हर साल बरसात में खोल दिया जाता है। ग्राम प्रधान अनिल दत्त, कमल निषाद, ध्रुव निषाद, आदित्य यादव, सरल शर्मा, विश्वनाथ चौधरी, विपिन यादव, प्रभुनाथ सिंह, पन्नालाल यादव, मुन्नीलाल चौधरी, रामदेनी निषाद, आमोद दुबे, उदयलाल वर्मा आदि का कहना है कि जब इस घाट पर पुल की जरूरत होती है उसी वक्त इसे खोला जाता है। जब तक यहां पक्का पुल नहीं बनेगा, तब तक बाढ़ प्रभावित लोगों की मुश्किलें कम नहीं होंगी। लोकनिर्माण विभाग के एई संतोष विश्वकर्मा का कहना है कि सुरक्षा कारणों से इस पुल को हर साल जून में खोला जाता है। पानी घटने पर अक्तूबर में पुन: पुल बना दिया जाता है।