सुकरौली। स्मार्ट सिटी मिशन के तहत एक साल पहले सुकरौली पीएचसी परिसर में करीब आठ लाख रुपये की लागत से लगाए गए वाटर एटीएम से पानी नहीं आता है। जबकि, कागज में यह वाटर एटीएम चालू है। अस्पताल में आने वाले मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों को पेयजल नहीं मिल पाता।
शासन के निर्देश पर दूसरे शहरों में वाटर एटीएम के लाभ को देखते हुए स्मार्ट सिटी मिशन के जरिए सुकरौली पीएचसी परिसर में एक साल पहले वाटर एटीएम लगाया गया था। तत्कालीन डीएम रमेश रंजन के सुकरौली नगर पंचायत निरीक्षण के दौरान लोगों ने इस वाटर एटीएम के बारे में शिकायत की थी। उसे संज्ञान लेकर डीएम ने जिम्मेदारों को सख्त हिदायत दी थी। जांच पड़ताल में पता चला कि इस वाटर एटीएम की टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं हुई थी। फिर भी करीब आठ लाख रुपये की लागत से वाटर एटीएम लगा दिया गया था, लेकिन एटीएम से पानी नहीं आता है। इस वजह से सुकरौली पीएचसी पर आने वाले मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों के लिए यह बेमतलब साबित हो रहा है।
वर्जन-
सुकरौली में करीब 13 जगह वाटर एटीएम लगाए गए हैं। पीएचसी परिसर में पेयजल संबंधित शिकायत मिली है। टेंडर प्रक्रिया न होने की जानकारी नहीं है। इसकी जांच कराई जाएगी। -सृष्टि सिंह, ईओ, नगर पंचायत सुकरौली