पडरौना। कलक्ट्रेट सभागार में बुधवार को डीएम की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। इसमें शासन की तरफ से निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने का निर्देश देते हुए रैंकिंग खराब होने पर संबंधित विभाग के विभागाध्यक्षों पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
डीएम विशाल भारद्वाज ने बैठक में ए-प्लस रैंकिंग प्राप्त करने वाले विभागाध्यक्षों के कार्यों की सराहना की। जिन विभागों की रैंकिंग बी, सी व ई थी, उन्हें शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण कार्य कराते हुए लक्ष्य प्राप्त करने और ग्रेडिंग व रैंकिंग में सुधार लाने की हिदायत दी। डीएम ने कहा कि शासन से जुड़ी जनकल्याणकारी एवं विकासपरक योजना व परियोजनाओं को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण करें। किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही से जिले की रैंकिंग प्रभावित न हो। इसके लिए कर्तव्यनिष्ठ होकर कार्य करने की आवश्यकता है। इस दौरान संबंधित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।