पडरौना। घर-घर मतदाता सूचना पर्ची पहुंचाने में अब बीएलओ मनमानी नहीं कर सकेंगे। इसके पहले सूचना पर्ची गांव में एक जगह बीएलओ भेज देते थे, जो वोटरों के घरों तक नहीं पहुंच पाती थी और मतदान के दिन बूथ पर वोटरों को परेशान होना पड़ता था। लेकिन, अब बीएलओ को सूचना पर्ची रिसीव कराने के बाद इसकी सूचना चुनाव आयोग की वेबसाइट पर देनी होगी। मतदान से पांच दिन पहले वोटरों के घरों तक पर्ची पहुंच जाएगी। इसकी तैयारी में जिम्मेदार अभी से जुट गए हैं।
मतदान करने से कोई वंचित न हो, इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से पूरा प्रयास किया जा रहा है। चुनाव आयोग के निर्देश पर शत-प्रतिशत मतदान कराने के लिए हर तरकीब प्रशासन अपना रहा है। चुनाव से पहले मतदाता सूचना पर्ची बीएलओ वोटरों के घरों तक पहुंचाते थे। डोर-टू-डोर जाने के बजाए बीएलओ वार्डों में सभासद और गांवों में प्रधानों के घर मतदाता सूचना पर्ची भिजवा देते थे। इसके चलते वोटरों तक यह नहीं पहुंच पता था और बूथ पर मतदान के लिए जाने वाले वोटरों को भटकना पड़ता था। लेकिन होने वाले लोकसभा चुनाव में अब ऐसा नहीं होगा। चुनाव आयोग के निर्देश पर जिला निर्वाचन अधिकारी के नेतृत्व में जिले के 26.85 लाख मतदाताओं के घर बीएलओ मतदाता सूचना पर्ची और वोटर गाइड पर्ची लेकर पहुंचेंगे। इवीएम मशीन पर वोटर गाइड से मतदान करने का तरीका वोटर समझ सकेंगे। पर्ची रिसीव कराने के बाद चुनाव आयोग की ओर से जारी किए गए बुक पर मतदाता के परिवार के किसी भी सदस्य से रिसीव कराएंगे। मतदान से पांच दिन पहले सूचना पर्ची वोटरों के घरों तक पहुंच जाएगी।
-
मतदान के दिन बूथ पर बीएलओ अल्फाबेट लोकेटर (वर्ण मालानुक्रम) के साथ मौजूद रहेंगे। इससे वोटरों को यह लाभ होगा कि एक परिवार के किसी का क अक्षर से नाम शुरू हो रहा है और उसी परिवार में किसी का ह से, ऐसे में एक का वोटर लिस्ट में नाम मिल गया, दूसरे का नहीं मिल रहा है। ऐसे में अल्फाबेट लोकेटर की मदद से दोनों नाम आसानी से ढूंढ़ लिए जाएंगे। मतदाता सूचना पर्ची और अल्फाबेट लोकेटर की व्यवस्था पहली बार चुनाव आयोग की ओर से की जा रही है।
-
-मतदाता सूचना पर्ची वोटरों तक पहुंचाने और रिसीव कराने के बाद चुनाव आयोग को सूचना भेजने की व्यवस्था पहली बार चुनाव आयोग के निर्देश पर किया गया है। पांच दिन पहले सभी वोटरों के घरों तक बीएलओ सूचना पर्ची और वोटर गाइड पहुंचा देंगे। इसमें लापरवाही बरतने वाले बीएलओ पर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा बूथ मतदान के दिन अल्फावेट लोकेटर की व्यवस्था की जाएगी। -मोहम्मद जफर, सहायक चुनाव अधिकारी