देश को परम वैभव के शिखर पर ले जाना ही संघ का उद्देश्य : अरविंद
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। नवसंवत्सर के मौके पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों ने रविवार को नगर में पथ संचलन किया। इस दौरान जगह-जगह स्वयंसेवकों का लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। पथ संचलन में जिले भर के स्वयंसेवक शामिल हुए।
चैत्र प्रतिपदा एवं नवसंवत्सर के अवसर पर पडरौना शहर सहित जिले के विभिन्न हिस्सों के स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में नगर के जूनियर हाईस्कूल के मैदान में एकत्र हुए। यहां से सर संघ चालक प्रणाम करने के बाद स्वयंसेवक डॉ. हेडगेवार की झांकी तथा भगवाध्वज के साथ कतारबद्ध होकर पथ संचलन किया। स्वयंसेवक नगर के धर्मशाला रोड, नौका टोला, रामकोला रोड, सुभाष चौक, कोतवाली रोड होते हुए पुन: जूनियर हाईस्कूल पहुंचे।
जूनियर हाईस्कूल परिसर में आयोजित पथ संचलन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रांत बौद्धिक शिक्षण प्रमुख अरविंद सिंह ने कहा कि भारत कभी गुलाम नहीं रहा, जो भी देश गुलाम रहे, वह या तो ईसाई बहुल हो गए या तो इस्लामिक देश। पूर्वजों के संघर्ष से ही हमारी संस्कृति व संस्कार अक्षुण्ण है। डॉ. हेडगेवार ने आरएसएस की स्थापना कर हिंदू समाज का संगठन खड़ा किया, जो आज विश्वव्यापी संगठन है। देश को परम वैभव के शिखर पर ले जाना ही संघ का उद्देश्य है।
इस दौरान जिला संचालक उमाशंकर सोनी, जिला प्रचारक धीरज, नगर संचालक प्रेमचंद्र सिंह, जिला कार्यवाह रविकीर्ति, सदर विधायक मनीष जायसवाल, नगरपालिका के निर्वतमान चेयरमैन विनय जायसवाल, डॉ. धनंजय मिश्र, मनीष जायसवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेमचंद्र मिश्र, मारंकडेय शाही, लल्लन मिश्र आदि मौजूद रहे।