पडरौना। यूपी-बिहार सीमा स्थित गोबरिया गांव में ईसाई मिशनरी की तरफ से प्रलोभन और झाड़-फूंक के जरिए धर्मांतरण कराने का आरोप लगाते हुए विश्व हिंदू महासंघ ने सीमावर्ती इलाकों में जागरूकता अभियान चलाया। इसके तहत संगठन के लोगों ने ईसाई मिशनरियों के खिलाफ नारेबाजी कर पुलिस के सहयोग से प्रार्थना सभा में जा रहे लोगों को रुकवाया। संगठन ने बिहार की स्थानीय पुलिस पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए बगहा एसपी से कार्रवाई की मांग की है। बगहा एसपी से मिले आश्वासन के बावजूद कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि 48 घंटे में यह गतिविधि बंद नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। मामले को लेकर सोमवार को प्रतिनिधिमंडल डीएम और एसपी से भी मुलाकात करेगा। इस जागरूकता अभियान में विश्व हिंदू महासंघ के जिला अध्यक्ष संतोष जायसवाल, जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र मिश्रा, गो रक्षा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष कैलाश कुशवाहा सहित संगठन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल रहे।