संवाद न्यूज एजेंसी
समउर बाजार। बीते पांच वर्ष से बरई रजबाहा की सफाई नहीं होने और पानी नहीं आने से नाराज लोगों ने बुधवार को नहर में खड़े होकर प्रदर्शन किया। लोगों ने चेताया कि यदि एक सप्ताह के भीतर रजबाहा की सफाई नहीं हुई तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन कर रहे बसरुदीन अहमद, सुनील गुप्ता, दिलदार हुसैन, शमशेर आलम, याकूफ आलम, शिव कुमार प्रसाद, राजीव कुमार, नफीस आलम आदि ने कहा कि क्षेत्र के बरई राजवाहा से पिपरा कनक, मठिया, बोदा टोला, धुसवा, करजहा, बरई पटट्टी, अमवां महंथ, काजीपुर आदि गांव के किसानों की सिंचाई इस नहर पर निर्भर है। बीते पांच वर्ष से इस नहर की न तो सफाई हुई और न ही इसमें पानी छोड़ा गया। इसकी वजह से किसानों को निजी संसाधनों से फसलों की सिंचाई करनी पड़ती है।
इस संबंध में कई बार सिंचाई विभाग के अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन उनकी तरफ से काेई कार्रवाई नहीं हुई। नाराज किसानों ने चेताया कि यदि एक सप्ताह के भीतर इसकी सफाई नहीं हुई तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान राजकुमार, गजानंद शर्मा, सद्दाम हुसैन, मोहम्मद क्यूम सिद्दीकी, अशफाक आलम, शमसुलहोदा सिद्दीकी आदि मौजूद रहे।