रामकोला। बड़हरा लक्ष्मीपुर गांव में शुक्रवार देर रात पिकअप लेकर पहुंचे दो संदिग्धों को पशु चोर के शक में गांव में पहरा दे रहे लोगों ने पकड़ लिया। उनकी पिटाई कर सूचना पुलिस को दी। पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर थाने चली गई। पूछताछ करने में दोनों की पहचान बिहार के गोपालगंज जिले के निवासी के रूप में हुई है। बड़हरा लक्ष्मीपुर गांव में रात में लोग पहरा दे रहे थे। तभी पिकअप गांव के बाहर रुकी और दो व्यक्ति अंदर गांव में पहुंचे। गांव वालों ने पूछताछ की तो दोनों कुछ भी स्पष्ट नहीं बता पा रहे थे। गांव वालों ने दोनों की पिटाई कर दी। रात के वक्त लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर थाने चली गई। पुलिस की पूछताछ में उनकी पहचान राजकुमार सिंह गांव बवनेठी और रत्नेश्वर बारी निवासी मीरगंज थाना मीरगंज जिला गोपालगंज बिहार के रूप में हुई। सूत्रों का कहना है कि वे दोनों पशु तस्करी गिरोह के सदस्य हैं। दिन के वक्त गांव-गांव घूमकर पशुओं के बारे में जानकारी हासिल करते हैं और रात के समय दरवाजे पर बंधी पशुओं को चुराकर भाग जाते हैं। इस संबंध में एसएचओ आनंद कुमार गुप्ता ने बताया कि गांव वालों की सूचना पर पुलिस गई थी। दो युवकों को पिकअप समेत थाने लाया गया है। युवकों से पूछताछ की जा रही है।