पिकअप पर लदे राशन को ग्रामीणों ने पकड़ा
बरवापट्टी। पिकअप पर लदे गेहूं, चावल और धान की बोरी को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस राशन को वाहन समेत थाने ले गई। राशन बरामद होने की जानकारी मिलने पर पूर्ति व विपणन विभाग के अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों का आरोप है कि बरामद राशन कालाबाजारी के लिए ले जाया जा रहा था।
रविवार की दोपहर बरवापट्टी थाना क्षेत्र के दशहवा गांव के धोबीघटवा टोला में व्यक्ति के घर धान खरीदने के लिए एक शख्स जमुआन से पिकअप लेकर पहुंचा। तभी पीछे से कुछ ग्रामीण वहां पहुंचे और वाहन पर लदे राशन को देखा। पिकअप में 12.91 क्विंटल गेहूं, 3.90 क्विंटल चावल, 5.49 क्विंटल धान बोरी में था। ग्रामीण कृष्णमोहन यादव ने संदिग्ध राशन की जानकारी एसडीएम तमकुहीराज व बरवापट्टी थाने की पुलिस को दी।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस वाहन समेत राशन को थाने ले गई। सूचना के बाद मौके पर क्षेत्रीय खाद अधिकारी राजकुमार व पूर्ति निरीक्षक बीएन मिश्रा भी राशन की जांच करने पहुंचे। मौके पर राशन को विपणन केंद्र प्रभारी दुदही के सुपुर्द कर दिया। वहीं, क्रेता संजय ने बताया कि राशन बेचने के लिए कई दुकानदारों से खरीदा था। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी राजकुमार ने बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।