खड्डा। क्षेत्र के लखुआ लखुई के ग्राम पंचायत सदस्यों ने बीडीओ समेत उच्चाधिकारियों पत्र भेजकर प्रधान और सचिव पर गांव के विकास कार्यों में अनियमितता बरतने और आवास के नाम पर लोगों से वसूली का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। गांव के किशुनधारी कुशवाहा, अच्छेलाल यादव, मुन्ना, केदार, लकमुद्दीन, सुनिता आदि ने पत्र में कहा कि अपात्रों को प्रधानमंत्री आवास का लाभ दिया जा रहा है। नाली निर्माण में अधोमानक सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है। खेल ग्राउंड का निर्माण अधूरा है। अधिकारियों को भेजे गए शिकायती पत्र में गांव के सदस्यों ने चेताया कि यदि 15 दिन के अंदर जांच कर दोषी पर कार्रवाई नहीं हुई, तो गांव के सभी वार्ड सदस्य सामूहिक रूप से त्यागपत्र दे देंगे। बीडीओ ने दो सदस्यीय जांच टीम गठित कर रिपोर्ट तलब की है। इस संबंध में बीडीओ विनीत कुमार यादव ने बताया कि गांव के सदस्यों की तरफ से मिली शिकायत जानकारी में है। उनकी शिकायताें की जांच के लिए दो सदस्यीय टीम गठित की गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।