दुदही/गोडरिया। गरीबी के चलते 11 बच्चों की परवरिश नहीं कर पाने के कारण गैर महिला ने पांच वर्ष की बच्ची को आठ माह पहले अपना तो लिया, लेकिन वायरल वीडियो में वही महिला मासूम की निर्ममतापूर्वक पिटाई करती दिख रही है। वीडियो वायरल होने पर मां बच्ची को फिर अपने साथ ले गई। हालांकि, वायरल वीडियो की अमर उजाला पुष्टि नहीं करता है।
मिली जानकारी के अनुसार, बिहार के पिपरहिया गांव का मुहम्मद आलम क्रशर पर मजदूरी करता है। उसके पास महज पांच कट्ठा खेत है। उसमें भी दो कट्ठा बंधक है। उसकी नौ बेटियां और दो बेटे हैं। तीन बेटियों का विवाह कर दिया है। बाकी की परवरिश मुहम्मद आलम और उसकी पत्नी अफसाना मजदूरी करते है। बड़े भाई का रिश्तेदार कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर निवासी बसरुदीन और उसकी पत्नी आठ माह पहले उसके घर पहुंचे। उनकी कोई संतान नहीं है। अपनी पीड़ा सुनाकर मान मनव्वल कर पांच साल की बेटी अमीना को गोद ले लिया। करीब दो माह पहले बसरुदीन विदेश चला गया। उसके बाद बसरुदीन की पत्नी मासूम बच्ची को आए दिन प्रताड़ित करने लगी।
आसपास के लोगों से देखा नहीं जा रहा था। वायरल हो रहे वीडियो में वह महिला बच्ची को आंगन में सब्जी काटने वाले हंसिया (पहसुल) से पिटाई कर रही है। किसी पड़ोसी ने छत से यह वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। गांववालों ने बच्ची को लेकर अपने पास रख लिया। उधर, वीडियो देखने के बाद मासूम बच्ची को लेने के लिए मां रोती हुई घर से निकल पड़ी। वीडियो को संज्ञान लेकर पुलिस भी पहुंच गई। बृहस्पतिवार को पंचायतनामा (समझौता पत्र) बनाकर पुलिस ने बच्ची को उसकी मां को सौंप दिया, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई है। उधर, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जो भी वीडियो देख रहा है, बच्ची की पिटाई देखकर सिहर जा रहा है।