नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़
संवाद न्यूज एजेंसी
कुशीनगर। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के बेलवाघाट के पास रविवार की भोर में पुलिस और एक चोर के बीच मुठभेड़ हो गई। चोर के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ महराजगंज जनपद में कई केस दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, रविवार की भोर में पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक चोरी की घटना को अंजाम देने की फिराक में आने वाला है। थाना के प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह ने उच्चाधिकारियों को सूचित कर चोर की गिरफ्तारी के लिए बेलवाघाट-सेखुई मार्ग पर घेराबंदी कर इंतजार करने लगे। कुछ समय बाद थाना खड्डा, जटहां बाजार, पडरौना कोतवाली व स्वाॅट टीम प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए।
पुलिस के अनुसार, बेलवाघाट की तरफ से एक व्यक्ति बाइक से आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। पूछताछ में उसने अपना नाम राजमन उर्फ राजू चौहान पुत्र इंद्रजीत चौहान बताया, जो बिहार प्रांत के नवलपरासी जिले के बेलाताड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत हरखपुरा गांव का निवासी है। उसके पास से एक बाइक, कट्टा-कारतूस और चोरी करने का उपकरण बरामद हुआ। पुलिस का कहना है कि उसके खिलाफ महराजगंज जनपद में कई मुकदमे दर्ज हैं। कुशीनगर जनपद में पहले से ही दो मुकदमे दर्ज हैं।
मुठभेड़ में स्वाॅट टीम प्रभारी सुशील कुमार शुक्ला, उपनिरीक्षक आलोक कुमार, थानाध्यक्ष खड्डा अमित शर्मा, थानाध्यक्ष जटहां बाजार राजकुमार बरवार, पडरौना के कोतवाल राजप्रकाश सिंह, प्रभारी एसएचओ नेबुआ नौरंगिया ओमप्रकाश सिंह, निरीक्षक निरंजन राय, उप निरीक्षक विनायक यादव आदि शामिल रहे।