नगर निकाय चुनाव में 950 वाहन अधिग्रहीत किए जाने हैं
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। नगर निकाय चुनाव में मतदान कराने वाले कार्मिकों के लिए अधिग्रहीत वाहन उपलब्ध न कराने वाले वाहन स्वामियों पर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। परिवहन विभाग ने मंगलवार को सुबह दस बजे तक वाहन भेजवाने क लिए समय दिया है।
नगर निकाय चुनाव में मतदान कार्मिकों को मतदान केंद्रों पर पहुंचाने के लिए परिवहन विभाग की तरफ से विद्यालयों और निजी वाहन स्वामियों को पहले ही सूचना दे दी जाती है, ताकि वह निकाय चुनाव में मतदान स्थल पर अपने वाहन समय से भेज सकें। एआरटीओ की तरफ से 950 वाहनों को अधिग्रहीत करने के लिए सूचना भेज दी गई थी, लेकिन वाहन स्वामियों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया है। सोमवार तक सिर्फ 52 वाहन ही कलेक्ट्रेट के सामने स्थित बुद्धा पार्क में लाए गए थे।
एआरटीओ मोहम्मद अजीम ने बताया कि नगर निकाय चुनाव में मतदान कार्मिकों को मतदान केंद्रों पर ले जाने और लाने के लिए 950 वाहन अधिग्रहीत किए जाने हैं। चिह्नित सभी वाहन स्वामियों को इसकी सूचना भेज दी गई थी, लेकिन सोमवार को दोपहर तक सिर्फ 52 वाहन ही मिले हैं। उन्होंने बताया कि जो वाहन स्वामी मंगलवार को सुबह दस बजे तक अपने वाहन नहीं भेजवाते हैं, उनके खिलाफ रवींद्रनगर धूस थाने में अधिग्रहण अधिनियम में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।