पकवा इनार। राष्ट्रीय राजमार्ग-28 स्थित बुद्ध पीजी कॉलेज के सामने तेज रफ्तार ट्रक के टक्कर लगने से बोलेरो अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई। इस दुर्घटना में बोलेरो सवार तीन लोग घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी कसया भेजा है। वहीं सड़क पर पलटी बोलेरो को पुलिस ने जेसीबी से हटवाया। इससे कुछ समय के लिए हाईवे पर आवागमन प्रभावित भी रहा।
मंगलवार शाम के करीब छह बजे गोरखपुर से इलाज कराकर बोलेरो से घर लौट रहे पटहेरवा थाना क्षेत्र के बगही गांव निवासी निजामुद्दीन (40) व पत्नी आसमा खातून (35), मिश्रौली पिपराघाट निवासी सरताज (30) घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी कसया भेजवाया। जहां डाक्टर ने आसमा खातून के प्राथमिक उपचार के बाद हालात चिंताजनक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया। हादसे में बोलेरो में बैठे हुए एक महिला व एक बच्चा बाल-बाल बच गए हैं। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। सीओ कुंदन सिंह ने बताया कि हाइवे पर हादसा हुआ है। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।