110 केंद्रों पर 5,649 लोगों को लगा कोरोनारोधी टीका
- 11 हजार लोगों को टीका लगाने का था लक्ष्य
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। बुधवार को जिले के 110 केंद्रों पर कोविड-19 टीकाकरण किया गया। इन केंद्रों पर शाम तक 5,649 लोगों को टीका लगाया गया।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि जिला अस्पताल के एमएमसीएच विंग सहित पडरौना शहर के पुरुष एवं नेत्र चिकित्सालय, राजकीय महिला अस्पताल और नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सहित सभी 14 सीएचसी के अंतर्गत आने 110 केंद्रों पर टीकाकरण किया गया। इन केंद्रों पर 11 हजार लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य था। शाम तक इन केंद्रों पर 5,649 लोगों को टीका लगाया गया। इसमें सर्वाधिक संख्या 45 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों की रही। इस उम्र के 4,987 लोगों ने पहला और 630 ने दूसरा टीका लगवाया। शेष टीका छूटे हुए स्वस्थ्य कर्मियों और फ्रंट लाइन वर्कर्स को टीका लगाया गया। सीएमओ डॉ. एनपी गुप्ता ने संक्रमण की बढ़ती रफ्तार को देखते हुए 45 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों को नजदीकी अस्पताल पहुंचकर टीका लगवाने का अनुरोध किया है।