कुशीनगर जिले के कसया स्थित एक निजी अस्पताल में पथरी का इलाज कराने आई एक महिला की मौत के बाद जमकर बवाल हुआ। परिजनों ने डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लिया। अस्पताल प्रशासन ने सभी आरोपों को निराधार बताया है।
जानकारी के मुताबिक, जिले के कसया में पुराना फाजीलनगर रोड पर स्थित निजी हॉस्पिटल में एक महिला पथरी की समस्या का इलाज कराने आई थी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। मृतका के परिजनों का कहना है कि डॉक्टरों की लापरवाही के चलते महिला की जान गई।
उन्होंने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। लूना अस्पताल प्रशासन ने परिजनों के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया।
अस्पताल का कहना है कि मरीज का इलाज प्रोटोकॉल के तहत किया गया और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती गई। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असल कारणों का खुलासा हो सकेगा।