लघुशंका करने गए दिव्यांग को पीटने पर हंगामा
साखोपार। कसया थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 12 वीर अब्दुल हमीद नगर में मंगलवार को पडरौना मार्ग के किनारे लघुशंका करने की बात पर दिव्यांग व्यक्ति को युवक ने पीट दिया। दिव्यांग की सूचना पर पहुंचे लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया।
भीड़ को देखकर आरोपी युवक घर में छिप गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर थाने चली गई। कसया थाना के बेलवा दुर्गा राय निवासी रंजीत दूबे (50) शहर में किसी काम के लिए आए थे।
पड़रौना मार्ग स्थित नगरपालिका गेट से कुछ दूर मार्ग की पटरी पर लघुशंका करने गए तो मार्ग के दूसरी तरफ स्थित मकान में रहने वाले युवक ने मना किया। इस संबंध में कसया के एसएचओ आशुतोष तिवारी ने बताया कि सूचना मिलने पर एसआई गए थे। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।