पडरौना। यूपी बोर्ड की हाई स्कूल व इंटर की परीक्षा 22 फरवरी से शुरू हो रही है। विभागीय तैयारी तेज हो गई है। केंद्र निर्धारण के बाद विभाग कक्ष निरीक्षकों की तैनाती में जुट गया है। कक्ष निरीक्षकों व परीक्षकों की ड्यूटी निर्धारण की प्रक्रिया ऑनलाइन की गई है। डीआईओएस ने केंद्राध्यक्षों को शिक्षकों का डाटा अपलोड करने के निर्देश दिए हैं।
जिले में यूपी बोर्ड के 361 विद्यालयों में 22 राजकीय व 55 एडेड और 284 वित्तपोषित हैं। बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में 112760 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। इनमें हाईस्कूल के 61496 व इंटरमीडिएट के 51264 परीक्षार्थी हैं। बोर्ड परीक्षा के लिए 150 केंद्र बनाए गए हैं। सचिव कार्यालय से कक्ष निरीक्षक व परीक्षकों की तैनाती की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है। तैनाती में पारदर्शिता के लिए प्रधानाचार्यों को शिक्षकों का डाटा अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं।
पहली बार कक्ष निरीक्षकों के आई कार्ड पर बार कोड और क्रमांक होगा। इसका प्रारूप बोर्ड मुख्यालय जारी करेगा। उसके बाद जिला विद्यालय निरीक्षक कक्ष निरीक्षकों का आई कार्ड जारी करेंगे। जिसे परीक्षा के दौरान डयूटी करने वाले शिक्षकों और कर्मचारियोंं को लगाना जरूरी होगा। डीआईओएस रविंद्र सिंह ने बताया कि इस बार बोेर्ड परीक्षा में कक्ष निरीक्षकों की ऑनलाइन ड्यूटी लगाई जाएगी। सभी केंद्राध्यक्षों को शिक्षकों का डाटा अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं।