पडरौना/सलेमगढ़। तरयासुजान थाना क्षेत्र के यूपी-बिहार बॉर्डर स्थित बहादुरपुर पुलिस चौकी पर लोकसभा चुनाव को बुधवार की देर रात यूपी और बिहार पुलिस की संयुक्त बैठक हुई। इसमें निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने का निर्णय लिया गया। अपराधियों से निपटने के लिए बिहार और यूपी की पुलिस ने एक साथ काम करने और जरूरी सूचनाएं एक-दूसरे को आसानी से उपलब्ध कराने की बात कही गई।
दोनों प्रदेशों के सीमावर्ती थानों की पुलिस ने आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर बिहार-यूपी के बॉर्डर की भौगोलिक स्थिति पर गंभीरता से चर्चा की। यहां से असामाजिक तत्व और अपराधी अपराध को अंजाम देकर एक प्रदेश से दूसरे प्रदेश में निकल जाते हैं। इन परिस्थितियों में दोनों प्रदेश की पुलिस गोपनीयता बरतकर पुलिस संयुक्त अभियान चलाएगी। शांति और सुरक्षा व्यवस्था पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी। समाज में अफवाह फैलाने वाले उपद्रवी तत्वों को चिह्नित कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पुलिस की सोशल मीडिया पर भी नजर रहेगी। इस दौरान इंस्पेक्टर तरयासुजान आशुतोष सिंह, बिहार के विश्वंभरपुर थाना प्रभारी मनोज कुमार, कुचायकोट थाना प्रभारी सुनील कुमार, गोपालपुर थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार, चौकी प्रभारी बहादुरपुर विनय मिश्रा, एसआई विमलेश द्विवेदी, रणविजय सिंह आदि मौजूद रहे।