खेत में बारिश से भीगी गेहूं की फसल। संवाद
पडरौना। जिले में रविवार की सुबह अचानक मौसम बदल गया। जिले में तेज हवा के साथ जमकर बारिश हुई। कहीं-कहीं ओले भी पड़े। इससे गेहूं की फसल की कटाई-मड़ाई में लगे किसानों की परेशानी बढ़ गई। खेतों में खड़ी और खलिहान में काटकर रखी गई फसल भीगने से कटाई-मड़ाई का काम ठप हो गया है। वहीं, भीगने से दाने काले पड़ने की आशंका बढ़ गई है। गांव से लेकर शहर तक की गलियां कीचड़ से सनी हैं। पटहेरवा प्रतिनिधि के अनुसार सुबह मौसम साफ रहा, जिससे किसान दो दिन पहले भीगे गेहूं की फसल सुखाने में जुटे थे। इसी दौरान सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे अचानक मौसम करवट ली। तमकुहीरोड प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के जंगली पट्टी, पिपराघाट, सुमही संतपट्टी, राजपुर खाश, दवनहा, गौरी नगर, डोमाठ, घघवा जगदीश, जवही दयाल, तिवारी पट्टी, गौराहा, भावपुर, परसा उर्फ सीरिसिया सहित सभी गांवों में गेहूं की तैयार फसल खड़ी है। तुर्कपट्टी प्रतिनिधि के अनुसार रविवार को दुबारा शुरू हुई बारिश व तेज हवा के साथ हल्के ओले गिरने का कारण किसानों की बची हुई उम्मीद भी अब खत्म होती नजर आ रही है।