पडरौना। बाइक की बकाया किस्त देने में असमर्थ और एजेंट के दबाव से तंग आकर युवक ने जहर खा कर जान देने की कोशिश की। घर वालों ने उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। उसका इलाज चल रहा है। उसकी तबीयत में सुधार है। पडरौना कोतवाली क्षेत्र के अमवा बुजुर्ग गांव निवासी आर मोहम्मद शहर की एजेंसी से किस्त पर बाइक ली। बाइक की किस्त समय से देता था। लेकिन, सड़क हादसे में घायल होने के कारण तीन महीने से किस्त नहीं दे पा रहा था। आरोप है कि कंपनी के एजेंट किस्त के लिए दबाव बनाने लगा। एक महीने का समय नहीं दे रहा था। इससे परेशान होकर बृहस्पतिवार की देर शाम को आर मोहम्मद ने जहर खा लिया। अस्पताल में भर्ती युवक की पत्नी ने बताया कि तबीयत में सुधार है। अस्पताल से छुट्टी होने के बाद फाइनेंस कंपनी के एजेंट के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए अफसरों से मिलूंगी।