1.40 लाख रुपये के साथ दो ठग गिरफ्तार
देवरिया के एक व्यक्ति से ठगे थे 2.90 लाख रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
कसया। मंगलवार को कसया थाने की पुलिस ने दो ठगों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई। इनके पास ठगी के 1.40 लाख रुपये बरामद हुए, जिसे इन ठगों ने देवरिया जिले के पथरदेवा निवासी एक व्यक्ति से ठगी कर ऐंठा था। इस मामले में इनके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज है। सीओ नितेश प्रताप सिंह ने बताया कि देवरिया जिले के पथरदेवा निवासी भीमशंकर शर्मा सोने के व्यापारी हैं। सोना दिखाने के लिए उन्हें फोन कर इन ठगों ने कसया थाना क्षेत्र के बाड़ीपुल पर बुलाया। फिर कसया ले गए और नकली सोना को असली बताकर 2.90 लाख रुपये ऐंठ लिया। व्यापारी की तहरीर पर इस मामले में चार आरोपियों पर मुकदमा दर्ज है। सीओ ने बताया कि मंगलवार को सुबह इनमें दो व्यक्तियों को फोरलेन चौराहे से उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब बाहर भागने की कोशिश में थे। आरोपियों ने अपना नाम धीरज राजभर निवासी ग्राम तवक्कल व संदीप यादव निवासी कोंहवलिया, थाना तरकुलवा बताया। इस मामले में दो अन्य का नाम पता चला है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। इन दोनों की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में एसएचओ अनुज कुमार सिंह, स्वॉट टीम के आनंद कुमार गुप्ता व एसआई सजनू यादव शामिल थे। सीओ ने सर्विलांस व पुलिस टीम को पुरस्कृत किए जाने की संस्तुति की है।