तमकुहीराज। सोमवार की सुबह करीब 10 बजे बाइक से स्नातक की परीक्षा देने जा रहे बिहार के दो युवक ट्रैक्टर की चपेट से गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस उन्हें एनएचएआई की एंबुलेंस से सीएचसी भेजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज रविंद्रनगर रेफर कर दिया। वहां एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
गोपालगंज जिले के कोइसा भठवा निवासी इथलेश चौहान (25) और मुन्ना सिंह (19) किसान पीजी कॉलेज सेवरही में स्नातक की परीक्षा देने जा रहे थे। गाजीपुर बैरियर के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एनएचएआई की एंबुलेंस से तमकुहीराज सीएचसी भेजवाया। इंस्पेक्टर अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया ट्रैक्टर पुलिस के कब्जे में है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।