नेबुआ नौरंगिया। थाना के परसौनी चौराहे पर मंगलवार की शाम को दो लोगों पर प्रधान के पुत्र समेत आधा दर्जन युवक चाकू से हमला बोल दिया। इसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का मेडिकल काॅलेज कुशीनगर में इलाज चल रहा है। शांति व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। परसौनी गांव के महिला प्रधान का बड़ा पुत्र सुनील 10 दिन पहले विदेश से आया है। पांच किलोमीटर दूरी पर स्थित ग्राम सभा जुड़ा छपरा के टोला पटखौली निवासी पारस के घर में सोमवार रात को घुस गया। लोगों ने चोरी का आरोप लगाकर उसकी पिटाई कर दी और पुलिस को सौंप दिया। रात में ही पुलिस ने आरोपी के बजाए मारने-पीटने वालों के खिलाफ मारपीट केस दर्ज कर लिया। सूचना देने वाले पीड़ित पारस और उनके पुत्र सुरेंद्र को पुलिस बैठा लिया था, जिसे मंगलवार शाम को छोड़ा गया। मंगलवार शाम 6:30 बजे पटखौली निवासी पारस 55 वर्ष अपने रिश्तेदार रामपुर कोटवा निवासी सुदामा 42 वर्ष के साथ परसौनी चौराहे पर एक फर्नीचर की दुकान पर बैठकर कुछ बात कर रहे थे। तभी प्रधान का पुत्र और अपने पांच साथियों के साथ पहुंचा और मारपीट करने लगा। इस दौरान उन्होंने धारदार हथियार से हमला कर दिया, इसमें दोनों घायल हो गए। सूचना पर पुलिस पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा। हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
इंस्पेक्टर रामसहाय चौहान ने बताया कि घायलों को अस्पताल भेजा गया है। मौके पर पुलिस तैनात है।ो