तमकुहीराज। सार्वजनिक जमीन पर धार्मिक आयोजन को लेकर दो पक्षों के लोग मंगलवार को आमने-सामने हो गए। एक पक्ष के लोग आयोजन के लिए अड़े रहे, जबकि दूसरे पक्ष के लोग पूर्व में हुए समझौते के आधार पर इसका विरोध कर रहे थे। खबर मिलते ही मौके पर एसडीएम, सीओ पुलिसकर्मियों के साथ पहुंचे और लोगों को शांत कराया। प्रशासन ने दोनों पक्षों के लोगों को थाने पर वार्ता के लिए बुलाया है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस नजर रख रही है।
तमकुहीराज थाना क्षेत्र के कोटवा गुलाब राय गांव में सार्वजनिक खलिहान की जमीन पर एक पक्ष के लोग धार्मिक आयोजन की तैयारी कर रहे थे। इसकी जानकारी दूसरे पक्ष के लोगों को हुई तो गांव का माहौल गरमा गया। मौके पर पहुंचे दोनों पक्ष के लोग एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने लगे। इसके पहले दोनों पक्षों के धार्मिक आयोजन आपसी सहमति के आधार पर खलिहान की भूमि पर होते रहे हैं। लेकिन, बीते वर्ष एक पक्ष के धार्मिक आयोजन की तैयारी को दूसरे समुदाय ने रोक दिया था।
इसके कुछ दिन बाद दूसरे पक्ष के लोग धार्मिक आयोजन की तैयारी की तो उसे भी रोक दिया था। तनाव को देखते हुए प्रशासन ने दोनों पक्षों की मौजूदगी में समझौता कराया था कि खलिहान की जमीन पर कोई भी पक्ष कभी धार्मिक आयोजन नहीं करेगा। बावजूद इसके एक पक्ष के लोग मंगलवार को खलिहान की जमीन पर धार्मिक आयोजन की तैयारी करने लगे। इसको लेकर गांव का माहौल गरमा गया।
इसकी सूचना किसी ने एसडीएम विकास चंद को दे दी। कुछ देर बाद एसडीएम विकास चंद, सीओ जितेंद्र कालरा और इंस्पेक्टर अतुल श्रीवास्तव पुलिसकर्मियों के साथ पहुंचे। प्रशासन के सामने भी एक पक्ष के लोग खलिहान की जमीन पर आयोजन की जिद्द करने लगे। दोनों पक्षों से बातचीत के बाद एक एक पक्ष के धार्मिक आयोजन को दूसरे स्थान पर कराने की सहमति बनाई। लेकिन दूसरे की जमीन पर आयोजन के लिए एक पक्ष के लोग राजी नहीं हुए। वे खलिहान की जमीन पर आयोजन की अनुमति की मांग कर रहे हैं।
दोनों पक्षों में विवाद की स्थिति देख पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को थाने पर वार्ता के लिए बुलाया। थाने पर घंटों वार्ता के बाद भी कोई समाधान नहीं निकला। सीओ जितेंद्र कालरा ने बताया कि एक पक्ष के लोग प्रशासन की वार्ता पर राजी है। दूसरे पक्ष के लोग खलिहान की जमीन पर ही कार्यक्रम आयोजित करने पर अड़े हैं। एक पक्ष के कहने पर सोच-विचार के लिए दो दिन का समय दिया गया है। एहतियात के तौर पर गांव पर नजर रखी जा रही है।