तमकुहीराज। दाहूगंज बाजार में बाइकों की टक्कर में दो की मौत हो गई। हादसे के बाद बाजार में अफरातफरी मच गई। दूसरे बाइक पर सवार युवक बाइक छोड़ मौके से भाग निकले। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोनों बिहार के गोपालगंज जिले के रहने वाले थे। पुलिस ने दोनों बाइकों को कब्जे में ले लिया है।
बिहार के गोपालगंज जिले के विक्रमपुर गांव निवासी शिव पूजन सिंह (60) अपने बेटे सुनील के दोस्त खाल गांव निवासी कृष्णा चौहान (35) के साथ बाइक शनिवार को तमकुही बाजार करने आए थे। खरीदारी करने के बाद देर शाम को दोनोंं बाइक से घर लौट रहे थे। अभी दाहूगंज बाजार में पहुंचे थे कि सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज हुई कि मौके पर शिवपूजन की मौत हो गई, जबकि गंभीर हालत में कृष्णा चौहान को लेकर लोग तमकुहीराज सीएचसी पर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी लेने के बाद मौके से दोनों बाइकों को कब्जे में ले लिया। दूसरी बाइक सवार युवक हादसे के बाद फरार हो गए। घर वालों ने बताया कि शिवपूजन की बेटी की शादी सेवरही थाना क्षेत्र के पिपराघाट गांव में तय है। मार्च में होने वाली शादी के संबंध में वार्ता के लिए शिवपूजन अपने बेटे के दोस्त कृष्णा चौहान के साथ बाइक से आए थे। इसकी जानकारी मिलने के बाद घर वालों में चीख-पुकार मच गई। एएसपी रितेश कुमार सिंह ने बताया कि दो बाइकों की टक्कर में एक बाइक पर सवार गोपालगंज जिले के दो लोगों की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के तमकुहीराज पुलिस ने भेज दिया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।