-पुलिस और एसडीएम के हस्तक्षेप के सुलझा मामला, निर्माण कार्य शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
रामकोला। धार्मिक स्थल निर्माण को लेकर दो समुदाय के लोग आमने-सामने हो गए। मामला बढ़ता देख डीह स्थान का निर्माण कराने वाले पक्ष के लोग थाने पहुंच गए। इसके बाद पुलिस-प्रशासन सक्रिय हुआ। कप्तानगंज एसडीएम योगेश्वर सिंह और रामकोला पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन के सामने भी दोनों समुदाय के लोग एक दूसरे को गलत ठहराते हुए कहासुनी करने लगे। एसडीएम और नायब तहसीलदार ने दोनों पक्ष से अलग-अलग बात कर मामला शांत कराया। इसके बाद डीह बाबा स्थान का निर्माण कार्य शुरू हुआ। माहौल को देखते हुए गांव में शाम तक पुलिस मौजूद रही।
रामकोला थाना क्षेत्र के मोतीपाकड़ गांव में डीह बाबा स्थान पर चारदीवारी का निर्माण एक समुदाय के लोग बृहस्पतिवार को करा रहे थे। इसकी जानकारी होने पर दूसरे समुदाय के लोग पहुंचे और पास खुद की जमीन बताते हुए निर्माण कार्य रोक दिया। इसको लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी और जानकारी होने पर दोनों समुदाय के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। निर्माण कराने वाले पक्ष के लोग थाने पहुंच गए। पुलिस ने इसकी जानकारी कप्तानगंज एसडीएम योगेश्वर सिंह को दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम नायब तहसीलदार जितेंद्र सिंह को लेकर मौके पर पहुंचे। निर्माण कार्य कराने वाले लोगों ने तर्क दिया कि पुरानी बाउंड्री तोड़कर नई बाउंड्री का निर्माण कराया जा रहा है। नींव की ईंट देखी गई तो पुरानी ईंट थी।
प्रशासन ने गांव के बुजुर्गों और मौजूद लोगों से वार्ता के बाद बाउंड्री का निर्माण कराने का आदेश दिया गया। एसडीएम योगेश्वर सिंह ने बताया कि दो समुदाय के बीच धार्मिक स्थान की बाउंड्री निर्माण को लेकर विवाद था। मौके पर दोनों पक्षों से वार्ता कर उसे सुलझा दिया गया है।