-सोशल मीडिया पर गांववालों ने वीडियो वायरल किया तो सक्रिय हुई पुलिस
-तीन गोवंश तस्कर के दरवाजे से थाने लाई पुलिस, पैदल रात को ले जाते हैं पशु
पडरौना। नारायणी नदी के रास्ते होने वाली गोवंश पशुओं की तस्करी नहीं रुक रही है। शनिवार की रात अमवादीगर भरपतिया गांव के रास्ते होने वाले तस्करी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। सक्रिय हुई पुलिस ने तस्कर के घर छापेमारी कर दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक भागने में सफल रहा। पुलिस ने तीन गोवंश को हिरासत में लिया है।
थाना क्षेत्र के अमवादीगर भरपटिया गांव से होकर शनिवार की रात करीब 9 बजे तीन पशु तस्कर चार गोवंश को लेकर पैदल बिहार के तरफ जा रहे थे। गांववालों ने पशु तस्करों को रोक लिया। इसी बीच पुलिस का करीबी इसी गांव का रहने वाला शख्स पहुंचा। गांव वालों को किनारे कर चारों पशुओं को अपने दरवाजे पर बांध लिया और पशु तस्करों का बचाव करने लगा। गांववालों नेे इसका वीडियो बना लिया और रात को ही सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इतने देर में पशु तस्कर गोवंश को लेेकर अपने घर धोबी घटवा गांव में चले गए। वायरल वीडियो के जरिए पुलिस ने पशु तस्करों के घर रात में छापेमारी की। पुलिस को देख तस्करों में भगदड़ मच गई।
पुलिस ने दो तस्करों को दबोच लिया जबकि तीसरा रात होने के कारण भाग निकला। पुलिस ने तीनों तस्करों पर केस दर्ज कर लिया है और गिरफ्तार हुए दो तस्करों अनिल और रामवृक्ष को जेल भेज दिया। गांववालों की माने तो अमवादीनगर भरपतिया गांव के रास्ते पैदल तीन से चार राशि गोवंश को लेकर रात में पशु तस्कर जाते हैं और ठकरहा के पास नरायणी नदी पार कर बिहार में खड़े वाहन में पशुओं को लादते हैं। स्थानीय पुलिस भी इसको लेकर निष्क्रियता बरतती है।
एसओ उमेश कुमार सिंह ने बताया कि तीन गो-तस्करों पर केस दर्ज किया गया है। दो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। फरार चल रहे तस्कर की तलाश की जा रही है। गोवंश तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए कोशिश की जा रही है।