जौरा बाजार। चौरा खास थाना के धुनवलिया फोरलेन क्रासिंग पर शुक्रवार की दोपहर कार की ठोकर से बाइक सवार दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। पीछे आ रहे कसया विधायक पीएन पाठक ने घायलों को अपने वाहन से फाजिलनगर सीएचसी पर उपचार के लिए भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सक प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। तुर्कपट्टी थाना के जोकवा बाजार निवासी हरिकेश (30) व सोहंग निवासी रंजीत बर्नवाल (38) दोनों एक ही बाइक से बैठकर धुनवलिया की ओर से जोकवा बाजार जा रहे थे। दोनों अभी धुनवलिया फोरलेन क्रासिंग के समीप पहुंचे सड़क पार कर रहे थे कि फाजिलनगर की तरफ से आ रही मारुति ने ठोकर मार दिया। जिससे दोनों को गंभीर चोट आई। तभी कसया विधायक पीएन पाठक मौके पर आ गए। दोनों घायलों को सड़क से उठाकर चन्द्रप्रकाश मद्देशिया की मदद से अपने वाहन से फाजिलनगर सीएचसी पर उपचार के लिए भर्ती कराया। यहां हालत गंभीर देख डॉक्टर दोनों घायलों को मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटना में शामिल मारुति को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई में जुटी गई।