कुशीनगर। पिकअप से गोवंश लेकर बिहार जा रहे दो पशु तस्करों को बृहस्पतिवार सुबह मुठभेड़ में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इसमें एक तस्कर के पैर में गोली लगी है, बाकी मौके से भाग निकले। इनकी गिरफ्तारी में पुलिस टीमें जुट गई हैं। तस्करों के पास से तमंचा और गोवध के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस ने तस्करों से नौ गोवंश को भी मुक्त कराया है। दोनों तस्करों पर पडरौना कोतवाली में पहले से केस दर्ज है। रविंद्र नगर पुलिस को बृहस्पतिवार सुबह सूचना मिली कि एक पिकअप से गोवंश को लेकर तस्कर बिहार जा रहे हैं। पडरौना कोतवाल रवि राय, रविंद्र नगर थानाध्यक्ष विनय मिश्रा और साइबर सेल के मनोज पंत ने होरलापुर के पास घेराबंदी कर दी। पुलिस ने पिकअप को रोकने का प्रयास किया तो चालक भागने लगा। पुलिस ने दौड़ाकर पिकअप को रोका और जंगल खिरकिया निवासी पशु तस्कर मुर्तजा हुसैन को दबोच लिया। बाकी तस्कर भाग निकले। इनको होरलापुर के कसया टोला कुटीरबाग के पास पुलिस टीम ने घेर लिया। तस्करों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में एक पशु तस्कर घायल हो गया।