तमकुहीरोड। कस्बे में फाल्ट व ओवरलोड की समस्या से उपभोक्ताओं को निजात दिलाने के लिए बृहस्पतिवार की रात बिजली निगम ने 250 केवीए के दो और 400 केवीए का एक अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगा दिया है। एक ट्रांसफार्मर ने काम करना भी शुरू कर दिया है।
तमकुहीरोड कस्बे के स्वर्ण नगर, मालवीय नगर, महाराणा प्रताप चौक, श्रीकृष्ण गौशाला, मालगोदाम चौक, किदवई नगर, आंबेडकर नगर, सीसी रोड, आजाद चौक, जवाहर नगर, बीएसएनएल टावर, संगीत टॉकिज सहित अन्य प्रमुख मोहल्लों में विद्युत आपूर्ति सुचारू रखने के के लिए निगम की ओर से विभिन्न क्षमता के ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। लेकिन उनमें से कई ट्रांसफार्मर ओवरलोड के शिकार है। भीषण गर्मी में उपभोक्ताओं को ओवरलोड की समस्या से निजात दिलाने और तकनीकी फाल्ट को रोकने के लिए बृहस्पतिवार की रात दो ट्रांसफार्मर को उच्चीकृत कर 250 केवी और 400 केवीए का एक ट्रांसफार्मर लगाया गया। जेई विकास कुमार साहनी ने बताया कि मालगोदाम के पास 400 केवीए और नगर पंचायत कार्यालय के पास 250 केवीए के दो ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। इसके लगने से बिजली आपूर्ति सुचारु रखने में मदद मिलेगी।