- ट्रक में चीनी की बोरियों के बीच कोडिन सिरप छिपाकर ले जाए जाने का मामला
- दस्तावेज मिलने के बाद गाजियाबाद और अगरतला भेजकर जांच में जुटा औषधि विभाग
कुशीनगर/रहसू बाजार। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के मधुरिया पुलिस चौकी के पास चीनी की बोरियों और कोडिन सिरप लदा जो ट्रक पलटा था, वह गाजियाबाद से त्रिपुरा की राजधानी अगरतला के लिए चला था। उसमें चीनी की बोरियों के बीच करीब 200 गत्ते कोडिन सिरप छिपाकर ले जाई जा रही थी।
10 नवंबर को इस ट्रक की रवानगी बताई जा रही है। इससे जुड़े दस्तावेज मंगाकर ट्रक गाजियाबाद में जहां से चला था वहां और अगरतला में जहां ले जाया जा रहा था, वहां भेजकर जांच कराई जा रही है। ट्रक सहित चालक और खलासी पुलिस के कब्जे में हैं।
तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे स्थित मधुरिया पुलिस चौकी से करीब सौ कदम की दूरी पर रविवार की रात करीब आठ बजे चीनी से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया था। मौके पर पहुंची मधुरिया चौकी की पुलिस ने जांच किया तो उसमें चीनी की बोरियों के साथ काफी मात्रा में दवाइयों के गत्ते भी मिले। इसकी सूचना चौकी प्रभारी ने आबकारी विभाग के साथ ही ड्रग विभाग को दी।
ड्रग इंस्पेक्टर दीपक पांडेय घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू किया। ट्रक चालक इस संबंध में कोई बिल नहीं दिखा सका। जबकि ट्रक में चीनी की बोरियों के साथ कोडिन सिरप से भरे करीब 200 गत्ते बरामद हुए थे। रविवार को भी चीनी की बोरियों और गत्तों की गिनती नहीं हुई। चीनी की बोरियों और सिरप के गत्तों से लदा ट्रक तुर्कपट्टी थाने की पुलिस के कब्जे में हैं।
करीब 18 घंटे की पूछताछ के बाद भी इस बारे में अभी औषधि विभाग किसी नतीजे पर नहीं पहुंचा है। यहां पता नहीं चल सका है कि इतनी अधिक मात्रा में सिरप चीनी की बोरियों में छिपाकर क्यों ले जाया जा रहा था।
ड्रग इंस्पेक्टर दीपक पांडेय ने बताया कि दो दस्तावेज ट्रक चालक की तरफ से सोमवार को उपलब्ध कराए गए, उसके अनुसार ट्रक 10 नवंबर को गाजियाबाद से अगरतला के लिए चला था। इनका ट्रांसपोर्टेशन बिल सही है या नहीं, इसकी जांच के लिए गाजियाबाद और अगरतला भेजा गया है। जांच पूरी होने के बाद इस बारे में कुछ कहा जा सकेगा।