पकड़ियार बाजार। क्षेत्र के क्रांति चौराहे के पास शनिवार की रात कोयला लदा ट्रक अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकराकर पलट गया। पोल क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्र के करीब छह गांवों की करीब 12 घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। संयोग रहा कि ट्रक दिन में नहीं पलटा, नहीं तो वहां लोग रहते हैं और बड़ा हादसा हो सकता था।
गोरखपुर से कोयला लेकर नेपाल जा रहा ट्रक शनिवार की देर रात घुघली-नौरंगिया मार्ग स्थित क्रांति चौराहे के पास बिजली पाल से टकराने के बाद सड़क किनारे पलट गया। तेज आवाज सुनकर वहां चौराहे के दुकानदार व पुलिस चौकी के सिपाही मौके पर पहुंचे, लेकिन ट्रक में कोई नहीं मिला। हादसे के बाद ट्रक चालक और खलासी वहां से भाग निकले थे। पोल टूटने से रविवार की शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी। विद्युत उपकेंद्र कोटवा के एसडीओ रुपेश कुशवाहा ने बताया कि क्षतिग्रस्त पोल बदला जा रहा है। देर शाम तक आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराया गिट्टी लदा ट्रक
अहिरौली बाजार। थाना क्षेत्र में हाटा-पिपराइच मार्ग पर खोठ्ठा चौराहे के पास शनिवार की रात गिट्टी लदा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराया गया। संजोग था कि इसके चपेट में कोई नहीं आया। घटना के बाद ट्रक छोड़कर चालक भाग गया।
बताया जा रहा है कि हाटा निवासी दिलीप रौनियार का ट्रक गिट्टी लाद कर उनका चालक बंगाल ले जा रहा था। अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के हाटा पिपराइच मार्ग स्थित खोट्ठा चौराहे के पास पहुंचे ही थे कि ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया। मौजूद लोगों ने बताया कि अगर यह घटना दिन में हुई होती तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। संयोग रहा कि रात में यह घटना हुई, जिससे ट्रक की चपेट में कोई नहीं आया। संवाद