घायल दो लोगों का चल रहा इलाज, युवक की बाइक भी हुई क्षतिग्रस्त
अचानक ट्रक मोड़ने से हुआ हादसा, सामान खरीदने आए थे चचेरे भाई
संवाद न्यूज एजेंसी
समउर बाजार। पटहेरिया चौराहा पर सोमवार को घुमाने के दौरान ट्रक किराने की दुकान में घुस गया। सामान खरीदने के लिए खड़े चचेरे भाइयों में एक की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। हादसे के बाद चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पटहेरवा थाना क्षेत्र के पटहेरिया चौराहा पर हाइवे के किनारे अलीउल्लाह की किराने की दुकान है। तमकुहीराज की ओर से आ रहे बालू लदे ट्रक को चालक ने समउर जाने के लिए अचानक मोड़ दिया। स्पीड तेज होने के कारण ठेले को तोड़ते दुकान में घुसे ट्रक ने खरीदारी कर रहे पटहेरवा टोला हतवा निवासी चचेरे भाई राजा हुसैन (18) आलिम अली (20) और हसमुद्दीन (50) को कुचल दिया, जबकि इस हादसे में दुकानदार बाल-बाल बच गया।
तीनों घायलों को मौजूद लोगों ने फाजिलनगर सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने आलिम अली को मृत घोषित कर दिया। राजा की हालत गंभीर होने के कारण जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है। हसमुद्दीन को पीएचसी पर भर्ती किया गया है। इस हादसे में राजा की बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई है।
दोपहर में हुई इस घटना से चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने नाराज लोगों को समझाकर माहौल शांत किया। इस संबंध में इंस्पेक्टर अनिल उपाध्याय ने बताया कि ट्रक चालक को हिरासत में लिया गया है। विधिक कार्रवाई की जा रही है।