- रामकोला थाना क्षेत्र के रामबाग चौराहे पास हुई दुर्घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
कप्तानगंज (कुशीनगर)। रामकोला थाना क्षेत्र के रामबाग चौराहे के पास नौरंगिया से कप्तानगंज आ रहा धान की भूसी लदा ट्रक रविवार की रात करीब आठ बजे अनियंत्रित होकर पलट गया। उस पर सवार 15 मजदूर घायल हो गए। उनमें सात की हालत गंभीर देख डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि बिहार से गोरखपुर भूसी लेकर जा रहा ट्रक रविवार की रात करीब आठ बजे जैसे ही रामकोला थाना क्षेत्र के रामबाग चौराहे के पास पहुंचा, एक गड्ढे की वजह से अनियंत्रित होकर उसमें पलट गया। ट्रक में सवार 15 मजदूर घायल हो गए। उनमें से सात मजदूरों की हालत गंभीर थी। सभी को कप्तानगंज सीएचसी लाया गया, जहां गंभीर रूप से घायल सात मजदूरों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य को कम चोटें आई थीं। वे इलाज कराकर चले गए। गंभीर रूप से घायल मजदूरों में गोरखपुर जनपद के खोराबार थाना क्षेत्र के जगदीशपुर निवासी 35 वर्षीय छोटेलाल पुत्र श्याम बिहारी, 42 वर्षीय जयकरण पुत्र बिहारी, 20 वर्षीय संदीप पुत्र नारस, 35 वर्षीय मनोज पुत्र रामाश्रय, 35 वर्षीय सूरज पुत्र विजयपति, 24 वर्षीय देवव्रत पुत्र श्यामसुंदर और चौरीचौरा थाना क्षेत्र के बैकुंठपुर निवासी जीवित पुत्र परमहंस शामिल हैं। इस दौरान एंबुलेंस को लेकर कप्तानगंज सीएचसी में आधा घंटा तक अफरा तफरी का माहौल बना रहा। बाद में एंबुलेंस कप्तानगंज सीएचसी पहुंची। उसके बाद बारी-बारी घायलों को मेडिकल कॉलेज भेजा गया।