नदवाविशुनपुर हंगामा करते किन्नरों को समझाती पुलिस ।संवाद
मारपीट में घायल युवक के पक्ष में किन्नरों ने किया हंगामा चौराखास के नदवाविशुनपुर बुुधवार की सुबह हुई थी मारपीट
संवाद न्यूज एजेंसी पडरौना/रहसू बाजार। चौराखास थाना क्षेत्र के नदवाविशुनपुर में बुधवार की सुबह 11 बजे मारपीट में घायल युवक के पक्ष में किन्नरों ने अर्धनग्न होकर हंगामा किया। किन्नरों का हंगामा देखकर वहां पहुंचीं डायल 112 नंबर पुलिस भी वापस चली गई। इसके बाद किन्नरों ने थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। एसएचओ ने कार्रवाई के आश्वासन पर मामला शांत कराया।
नदवा विशुनपुर निवासी अतुल सिंह किन्नरों के साथ रहते हैं। उनके भांजे विष्णु सिंह और सिद्धू सिंह अपनी स्कूटी से मंगलवार की शाम करीब सात बजे नदवां गांव के चौराहे से घर जा रहे थे। वह घर से कुछ दूरी पर पहुंचे ही थे कि दिनेश यादव के परिवार का एक छोटा बच्चा दौड़ते हुए सड़क की तरफ से आया, जिससे वह उनकी स्कूटी की चपेट में आकर चोटिल हो गया।
इससे नाराज दिनेश के परिवार के लोगों ने स्कूटी सवार दोनों युवकों को पीट दिया। बुधवार की सुबह किन्नर जुट गए। इन्होंने दिनेश के दरवाजे पर पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया। इसकी सूचना पाकर डॉयल 112 पर तैनात पुलिसकर्मी पहुंचे। पुलिस ने किन्नरों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया। लेकिन वे लोग नहीं माने। इसके बाद पुलिस वापस चली गई।
इसके बाद थाने पहुंचे किन्नरों ने एसओ से शिकायत की। एसओ ने कार्रवाई का आश्वासन देकर किन्नरों को शांत कराया। इस संबंध में चौराखास एसओ प्रमोद कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।