लक्ष्मीगंज। क्षेत्र के लालाछपरा गांव के भटवलिया के उत्तर टोला में एक माह में चार बार ट्रांसफार्मर जलने से गांव के लोग अंधेरे में रात बिताने को मजबूर हैं। भटवलिया टोले में ओवरहेड टैंक के पास 25 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा है। ट्रांसफार्मर एक माह में चार बार जल चुका है। अब विभाग ने भी ट्रांसफार्मर बदलने से हाथ खड़े कर दिए हैं। विभाग का कहना है, कि ओवरलोड होने से बार-बार ट्रांसफार्मर जल जा रहा है। गांव में कटिया कनेक्शन अधिक होने से ट्रांसफार्मर जल रहा है। लिटिल वर्मा, ताराचंद वर्मा, संतराज, मदन, बाबूराम, सिबन, मोहन वर्मा, गिरिजेश वर्मा, सुनील, पप्पू राजभर आदि ने बताया कि गांव में एक माह से अंधेरे में लोग रात गुजार रहे है। मोबाइल चार्ज करने के लिए लोग चौराहे का चक्कर लगा रहे हैं। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उपकेंद्र सपहा के अवर अभियंता बख्तियार अहमद ने बताया ओवरलोड से बार-बार ट्रांसफार्मर जल जा रहा है। 63 केवीए के ट्रांसफार्मर का प्रस्ताव भेजा गया है। संवाद