संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। माध्यमिक कक्षाओं में गणित, विज्ञान, अंग्रेजी को कैसे और आसान बनाया जाए, इसके लिए विभागीय मंथन चल रहा है। इन विषयों के शिक्षकों को इसमें प्रशिक्षित करने की योजना बनाई जा रही है। जिले के माध्यमिक स्तर के राजकीय व एडेड स्कूलों के शिक्षकों को इन विषयों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका मकसद छात्रों में इन विषयों को आसानी से समझाने और इसमें उनकी रुचि बढ़ाना है।
जिले में 19 राजकीय और 55 वित्तपोषित राजकीय विद्यालय संचालित होते हैं। इन कॉलेजों में नामांकित छात्र-छात्राओं को गणित, विज्ञान और अंग्रेजी विषय में विद्यार्थियों की रुचि और समझ बढ़ाने के लिए शासन की तरफ से इस बार खास पहल की गई है।
शिक्षकों को प्रशिक्षण देने के लिए मास्टर ट्रेनर लखनऊ में प्रशिक्षण ले चुके हैं। अब जिले के शिक्षकों को सरल भाषा में विद्यार्थियों को शिक्षण कार्य करने के गुर सिखाएंगे। इसके लिए जिले के माध्यमिक स्तर के राजकीय व एडेड स्कूलों में कार्यरत इन विषयों के शिक्षकों व प्रवक्ताओं को प्रशिक्षण देने की तैयारी चल रही है।
जिले के राजकीय और एडेड स्कूलों से इन विषयों के शिक्षक, प्रवक्ता का नाम, पद, कार्यरत विद्यालय का नाम, विद्यालय का विवरण, विषय, मोबाइल नंबर आदि जुटाए जा रहे हैं। इसकी सूची मिल जाने के बाद उनके प्रशिक्षण की व्यवस्था बनेगी।
- डॉ. राम जियावन मौर्या, डायट प्राचार्य
गणित, विज्ञान और अंग्रेजी विषय की जानकारी विद्यार्थियों तक पहुंचाने के लिए शिक्षकों का प्रशिक्षण होना है। प्रशिक्षण में शिक्षकों को आसानी से विद्यार्थी समझे, इसके बारे में जानकारी दी जाएगी। इसका मकसद छात्र-छात्राओं में इन विषयों को अच्छे से समझें और उनकी रुचि बढ़ाना है। इसके लिए राजकीय व एडेड विद्यालयों से इनकी सूची मांगी जा रही है।
- रविंद्र सिंह, डीआईओएस